Thursday, 24 August 2017

टीईटी-2017 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण आज से

इलाहाबाद : उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी यूपी टीईटी 2017 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण व आवेदन शुक्रवार को दोपहर बाद से शुरू होंगे। यह प्रक्रिया 13 सितंबर तक चलेगी। एनआइसी ने इसके लिए वेबसाइट तैयार कर ली है। इसका इम्तिहान 15 अक्टूबर को प्रदेश भर के केंद्रों पर कराया जाएगा। परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव का दावा है कि सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस बार आवेदन के पिछले सारे रिकॉर्ड टूटेंगे।

बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में शिक्षक बनने के लिए पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। इसमें डीएलएड यानी पूर्व बीटीसी करने वालों के साथ ही बीएड और दूरस्थ बीटीसी करने वाले दावेदारी करेंगे। इस बार की टीईटी अहम हैं, क्योंकि शीर्ष कोर्ट ने प्राथमिक स्कूलों में शिक्षामित्रों का सहायक अध्यापक पद समायोजन पिछले 25 जुलाई को रद कर दिया है। शिक्षामित्रों को शिक्षक बनने के लिए अब यह परीक्षा उत्तीर्ण करनी है। 
शासन के निर्देश पर पिछले दिनों ही इसका कार्यक्रम जारी हुआ है। यूपी टीईटी के लिए ऑनलाइन पंजीकरण व आवेदन शुक्रवार दोपहर बाद से शुरू होंगे। ई-चालान से आवेदन शुल्क 26 अगस्त से जमा कर सकेंगे। पंजीकरण की अंतिम तारीख आठ सितंबर को शाम छह बजे तक है, वहीं आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 11 सितंबर रखी गई है। ऑनलाइन आवेदन 13 सितंबर की शाम छह बजे तक पूरा सकेंगे।
Disqus Comments